top of page
भारतार्थ-logo

नया चेण्डा में कन्या महाविद्यालय का लोकार्पण 30 अप्रैल को

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 5 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

नया चेण्डा। बालिका शिक्षा को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नया चेण्डा स्थित श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता धाम में नव-निर्मित कन्या महाविद्यालय का लोकार्पण आगामी 28 से 30 अप्रैल 2026 तक भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा। इस आयोजन को लेकर रविवार को प्रथम आमंत्रण पत्रिका का विधिवत विमोचन कर इसे श्री गणेशजी महाराज एवं अन्य देवी-देवताओं को समर्पित किया गया तथा कार्यक्रम की सफलता हेतु प्रार्थना की गई।


धाम की पीठाधीश्वर साध्वी श्री भगवती बाईजी के मार्गदर्शन में यह महाविद्यालय बालिका शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 में श्री आंजणी माता मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के पश्चात वर्ष 2013 में श्री सुभद्रा अर्जुन जी पांडव परिवार मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित हुआ था। उस अवसर पर प्राप्त दानराशि को साध्वी भगवती बाईजी ने समाज की बेटियों की शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के लिए गुरुकुल निर्माण में लगाने का संकल्प लिया था।



इसी संकल्प का परिणाम है कि वर्तमान में करीब 1300 से अधिक बालिकाएं विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर छात्रावास सुविधा के साथ अध्ययनरत हैं। अब तक महाविद्यालय का संचालन स्कूल भवन में किया जा रहा था, लेकिन छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गुरुकुल परिसर में अलग से आधुनिक सुविधाओं से युक्त कन्या महाविद्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। तीन दिवसीय लोकार्पण कार्यक्रम के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं समाज जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 अप्रैल 2026 को मुख्य समारोह में विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।


इस अवसर पर शिकारपुरा आश्रम के महंत श्री दयारामजी महाराज सहित विभिन्न संत-महात्मा, राजस्थान के मुख्यमंत्री, केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा आश्रम के दानदाता विशेष रूप से आमंत्रित किए जाएंगे। समाज के प्रबुद्धजनों का मानना है कि यह पहल न केवल बालिका शिक्षा को नई दिशा देगी, बल्कि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार भी खोलने में अहम भूमिका निभाएगी।

उपरोक्त जानकारी रमेश पटेल नया चेण्डा ने दी।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page