top of page
भारतार्थ-logo

चतरा में मंदिर दीवार विवाद से तनाव, बाजार बंद

  • लेखक की तस्वीर: धन्नाराम चौधरी
    धन्नाराम चौधरी
  • 16 जून
  • 2 मिनट पठन
Police officer speaks to a large group of men gathered outdoors under trees in a village, with tense, attentive expressions.

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) हंटरगंज (चतरा), झारखंड।

जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दंतार गांव में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब असामाजिक तत्वों द्वारा पंचमुखी हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।


आक्रोशित ग्रामीणों ने दंतार गांव के तिरमुहानी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया तथा स्वतःस्फूर्त रूप से पूरे बाजार को बंद करा दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग मंदिर परिसर और मुख्य चौक पर जुट गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की।


घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल और डीएसपी से फोन पर संपर्क कर त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी है।


पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय स्तर पर मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। साथ ही, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page