top of page
भारतार्थ-logo

उत्तर भारत में मौसम का यू-टर्न: दिल्ली-यूपी समेत 7 राज्यों में बारिश, ओले और तूफान का अलर्ट, आईएमडी की चेतावनी

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 19 मार्च
  • 2 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च

  • Four people on a scooter dressed for rain

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बीच उत्तर भारत के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 19 से 22 मार्च तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर समेत सात राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।


मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।


दिल्ली में आज से असर, जलजमाव की आशंका

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार शाम से ही मौसम बिगड़ने के आसार हैं। आईएमडी ने 19 और 20 मार्च को मध्यम से भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।


उत्तर प्रदेश में आंधी-ओले का खतरा

उत्तर प्रदेश में बुधवार रात से ही मौसम ने करवट ले ली। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे होर्डिंग्स और बैनर उड़ने की घटनाएं सामने आईं। आईएमडी ने गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।


मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, बदायूं, एटा, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, बरेली, संभल और ज्योतिबाफुले नगर समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


पर्वतीय राज्यों में बारिश-बर्फबारी

आईएमडी के अनुसार 19 और 20 मार्च को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भारी बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे ठंड में फिर से इजाफा हो सकता है।


पंजाब-हरियाणा और राजस्थान में भी असर

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19-20 मार्च को मूसलाधार बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी इसी अवधि के दौरान बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।


दो दिन रहेगा खतरनाक मौसम

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे को संवेदनशील बताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और ओलों के कारण फसलों, बिजली व्यवस्था और यातायात पर असर पड़ सकता है।


प्रशासन और आमजन के लिए सलाह

आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।


मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण नुकसान की आशंका भी बनी हुई।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page