top of page
भारतार्थ-logo

श्री राजेश्वर मंदिर चेन्नई का 16वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्नभव्य शोभायात्रा

  • लेखक की तस्वीर: धन्नाराम चौधरी
    धन्नाराम चौधरी
  • 19 जून
  • 2 मिनट पठन
चेन्नई के साहूकारपेट स्थित श्री राजेश्वर भगवान मंदिर के 16वें वार्षिकोत्सव समारोह में शोभायात्रा एवं भजन संध्या का भक्तिमय दृश्य।

चेन्नई के साहूकारपेट स्थित श्री राजेश्वर भगवान मंदिर के 16वें वार्षिकोत्सव समारोह में शोभायात्रा एवं भजन संध्या का भक्तिमय दृश्य।

भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) चेन्नई | 19 जून, 2026

चेन्नई के साहूकारपेट स्थित श्री राजेश्वर भगवान मंदिर का 16वां वार्षिकोत्सव समारोह इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजनों, भव्य शोभायात्रा, हवन-यज्ञ और जागरण कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। समाज के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।


वार्षिकोत्सव के अवसर पर सोमवार प्रातः मंदिर प्रांगण में लाभार्थी परिवार द्वारा विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राजेश्वर के समक्ष सुख-समृद्धि एवं मंगलकामनाओं की प्रार्थना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे वातावरण में भक्ति रस का अद्भुत संगम देखने को मिला।

रात्रि में आयोजित भव्य भजन संध्या एवं जागरण समारोह आकर्षण का केंद्र रहा। आंजणा समाज की प्रसिद्ध भजन गायिका चंद्रिका बेन एवं किंजल बेन ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रस्तुत किए गए श्री राजारामजी के उपदेश, गुरु महिमा एवं भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।


प्रातः 6:30 बजे मंदिर से श्री राजेश्वर भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा साहूकारपेट की विभिन्न गलियों से होते हुए नाच-गाने, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ पुनः मंदिर पहुंची। मंदिर में पूजा-अर्चना एवं महाआरती के बाद परंपरानुसार चादर पोशी की रस्म निभाई गई। हर वर्ष की भांति तरक परिवार सांकरणा एवं भुरिया परिवार गोदन द्वारा चादर समर्पित की गई।


इसके पश्चात अमर ध्वजा पिलास परिवार वागोतरा सामुजा द्वारा ध्वजा चढ़ाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई और समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं खुशहाली की कामना की गई। दोपहर में आयोजित महाप्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Men gathered in a temple hall during aarti, holding a lit lamp and banner, with Hindi text on the walls and a devotional mood.

दक्षिण भारत चेन्नई चौधरी कलबी समाज सामाजिक संस्था लगातार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं संस्कारवान आयोजनों के माध्यम से समाज जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संस्था शिक्षा, व्यापार, संस्कृति संरक्षण और समाज की एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


समारोह को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों, कमेटी सदस्यों, युवा मंडल और महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page