top of page

 भारतार्थ खबर, नहीं उसका अर्थ

20अक्टूबर /2026 /मंगलवार

अलुवा,19 अक्टूबर 2026। कभी-कभी जीवन में सुनी गई कोई बात या देखा गया कोई वीडियो सोचने का नजरिया बदल देता है। केरल की अरुंधति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से प्रेरित अरुंधति ने उन्हें हाथ से लिखा भावुक पत्र भेजकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उनकी शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा में होनी है।

भारतार्थ लोगो: खबर नहीं, उसका अर्थ - राजनीतिक समाचार विश्लेषण

अलुवा,19 अक्टूबर 2026। कभी-कभी जीवन में सुनी गई कोई बात या देखा गया कोई वीडियो सोचने का नजरिया बदल देता है। केरल की अरुंधति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से प्रेरित अरुंधति ने उन्हें हाथ से लिखा भावुक पत्र भेजकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उनकी शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा में होनी है।

WhatsApp Video 2026-10-04 at 8.50.36 PM.mp4

प्रवासी मजदूर का शव गांव पहुंचाने में सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन ने संभाली जिम्मेदारी

लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
धन्ना राम चौधरी
2 अक्टू॰
3 मिनट पठन
सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन द्वारा प्रवासी मजदूर अंकित कुमार का शव बेंगलुरु से बिहार स्थित पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था

भारतार्थ खबर Bhaarataarth.com बेंगलुरु, 2 अक्टूबर 2026। बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर निवासी प्रवासी मजदूर अंकित कुमार की असमय मृत्यु के बाद उनके शव को पैतृक गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन ने संभाली। फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने पुलिस और चिकित्सकीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर पोस्टमार्टम, आवश्यक दस्तावेज, अनुमति और एनओसी जैसी प्रक्रियाओं में परिजनों को सहयोग उपलब्ध कराया।

जानकारी के अनुसार, चेंन्नापट्टना क्षेत्र में निर्माण कार्य से जुड़े कुछ प्रवासी मजदूरों के बीच हुए विवाद के बाद अंकित कुमार की मृत्यु हो गई। मामले में दो नाबालिगों को आरोपी बनाए जाने की बात सामने आई है। उनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी गई है।


चेंन्नापट्टना से बेंगलुरु, फिर पटना पहुंचाया गया शव

अंकित कुमार के चाचा राजेश साहनी ने घटना के बाद सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन से संपर्क कर शव को बिहार स्थित पैतृक गांव तक पहुंचाने में सहयोग मांगा था। इसके बाद फाउंडेशन की टीम ने चेंन्नापट्टना से बेंगलुरु तक शव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की। बेंगलुरु से शव को हवाई मार्ग से पटना भेजने और वहां से एंबुलेंस के माध्यम से समस्तीपुर जिले स्थित पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। फाउंडेशन के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेज और प्रशासनिक अनुमति पूरी कराने के लिए टीम लगातार समन्वय करती रही।


भाई और मित्र की हवाई यात्रा की भी व्यवस्था

शव के परिवहन के साथ दिवंगत अंकित कुमार के भाई संजीव कुमार और उनके मित्र रौशन साहनी के बिहार जाने की भी व्यवस्था की गई। फाउंडेशन की ओर से दोनों के हवाई टिकट कराने तथा यात्रा संबंधी खर्च के लिए सहयोग उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। संस्था के अनुसार, परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। ऐसे में शव को घर पहुंचाने के साथ परिजनों की यात्रा की व्यवस्था करना भी तत्काल प्राथमिकता में शामिल किया गया।


गांव में पसरा मातम

अंकित कुमार के निधन की खबर और शव के गांव पहुंचने की सूचना के बाद विभूतिपुर में शोक का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों और परिचितों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी। अंकित कुमार की असमय मृत्यु ने परिवार के साथ गांव के लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित परिवार के साथ मौजूद रहे।


रोजगार और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा का मुद्दा

सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण कुमार पांडेय ने इस घटना के संदर्भ में बिहार में रोजगार के अवसरों और प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवा दूसरे राज्यों में काम की तलाश में जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों के सामने रोजगार के अलावा दूसरे राज्यों में रहने, सुरक्षा और आपात स्थिति में परिवार तक सहायता पहुंचाने जैसी चुनौतियां भी रहती हैं। उनके अनुसार, अंकित कुमार की घटना इन मुद्दों पर प्रशासन और समाज का ध्यान आकर्षित करती है।


पांच वर्षों में 20 से अधिक मामलों में सहयोग का दावा

सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन के अनुसार, संस्था पिछले करीब पांच वर्षों में 20 से अधिक मामलों में दूसरे राज्यों से मृतकों के शव उनके गृह जिले अथवा गांव तक पहुंचाने में सहयोग कर चुकी है। फाउंडेशन का कहना है कि किसी प्रवासी श्रमिक की दूसरे राज्य में मृत्यु होने पर उसके शव को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाने की प्रक्रिया को प्रशासनिक स्तर पर भी संवेदनशीलता के साथ लिया जाना चाहिए। संस्था के अनुसार, पोस्टमार्टम, दस्तावेज, अनुमति, एनओसी और परिवहन जैसी औपचारिकताएं शोकग्रस्त परिवार के लिए कठिन हो सकती हैं।


निर्माण स्थलों पर नाबालिगों की मौजूदगी पर सवाल

मामले में दो नाबालिगों के आरोपी बनाए जाने की जानकारी के बाद निर्माण स्थलों पर नाबालिगों की मौजूदगी और श्रमिक सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठे हैं। फाउंडेशन ने इस संदर्भ में नाबालिगों के निर्माण कार्य में शामिल होने तथा प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की आवश्यकता जताई है। हालांकि, घटना से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की अंतिम पुष्टि संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही होगी। नाबालिग आरोपियों की पहचान कानून के अनुरूप सार्वजनिक नहीं की गई है।


फाउंडेशन की टीम के अनुसार, पोस्टमार्टम, दस्तावेजी प्रक्रिया, अनुमति और एनओसी में समय लगा। टीम सुबह से ही शव को सम्मानपूर्वक परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटी रही। सेवा ब्रिगेड फाउंडेशन ने कहा कि ऐसे कठिन समय में उसका उद्देश्य मृतक के परिवार के साथ खड़ा होना, प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक समन्वय करना और शव को सम्मानपूर्वक पैतृक गांव तक पहुंचाने में सहयोग करना है।

समाचार प्रेषक प्रवीण कुमार पांडेय, बेंगलुरु।



टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page