पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए
- धन्ना राम चौधरी

- 16 मार्च
- 2 मिनट पठन
अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च
भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)
नई दिल्ली। पचपदरा विधायक डॉ. अरुण अमराराम चौधरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, सैन्य संग्रहालय की स्थापना, रेल लाइन परियोजना तथा हवाई सेवा शुरू करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।
विधायक डॉ. चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर बालोतरा जिले के ग्रामीण क्षेत्र थोब एवं बुडीवाड़ा में राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाएं खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों, किसानों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक लेनदेन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि यहां बैंक शाखाएं स्थापित की जाती हैं तो स्थानीय लोगों को वित्तीय सेवाएं नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इसके अलावा विधायक चौधरी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने बालोतरा में सैन्य संग्रहालय (मिलिट्री म्यूजियम) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। विधायक ने बताया कि बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के अनेक युवा भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं और देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में यहां सैन्य संग्रहालय स्थापित होने से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी तथा नई पीढ़ी को वीर सैनिकों के इतिहास और उनके योगदान से प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह बालोतरा के लिए एक नया पर्यटन आकर्षण भी बन सकता है।
वहीं विधायक ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बालोतरा-पचपदरा रेल लाइन परियोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अनुरोध किया कि रेल लाइन के प्रस्तावित मार्ग को इस प्रकार निर्धारित किया जाए जिससे स्थानीय नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विधायक ने सुझाव दिया कि रेल मार्ग को वैकल्पिक स्थान से निकाला जाए ताकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात बाधित न हो और आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही विधायक डॉ. चौधरी ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से भी मुलाकात कर क्षेत्र के विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रवासी राजस्थानी भाइयों की सुविधा के लिए क्षेत्र से प्रमुख शहरों तक नियमित हवाई सेवा शुरू करने तथा रेल संपर्क के विस्तार की मांग रखी।
विधायक ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार और व्यवसाय के लिए देश-विदेश के विभिन्न शहरों में निवास करते हैं। ऐसे में यहां से नियमित उड़ान सेवा शुरू होने पर प्रवासी राजस्थानी भाइयों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अंत में विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
_edited.jpg)






टिप्पणियां