गुरुवाणी से उठी नशामुक्ति की अलख, कलबी समाज ने दिया बड़ा संदेश
- धन्नाराम चौधरी

- 30 जून
- 2 मिनट पठन

गुरुवाणी प्रेरित नशामुक्ति अभियान का प्रतीकात्मक चित्र
भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) जोधपुर (राजस्थान) | 30 जून, 2026 पश्चिमी राजस्थान सहित देशभर में निवासित और प्रवासित कलबी समाज अब “नशा नाश की जड़ है” के सात्विक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होता दिखाई दे रहा है। परम आराध्य गुरु महाराज श्री श्री 1008 श्री राजाराम जी महाराज की गुरुवाणी से प्रेरित यह सामाजिक जागरण अभियान युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को स्वस्थ दिशा देने का प्रयास माना जा रहा है।
गुरुवाणी प्रचारक किशना राम पटेल ने समाज के नाम जारी संदेश में कहा कि वर्तमान समय में रसायनयुक्त नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज श्री राजेश्वर भगवान ने लगभग 100 वर्ष पूर्व ही समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी थी, लेकिन सामाजिक रूढ़िवादिता और जागरूकता की कमी के कारण समाज पूरी तरह इससे मुक्त नहीं हो पाया।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्ष 2023 से 2026 के दौरान चलाए गए नशामुक्ति अभियानों के बीच कलबी समाज ने गुरुवाणी को आधार बनाकर समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के विभिन्न संगठन जैसे अखिल भारतीय आंजना समाज महासभा, अखिल भारतीय आंजना युवा महासंगठन, संत श्री राजाराम जी युवा जागृति मंच शिकारपुरा राजस्थान सहित देश-विदेश में सक्रिय सामाजिक संस्थाएं इस मुहिम को आगे बढ़ा रही हैं।
संदेश में यह भी कहा गया कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानून के डर से नहीं बल्कि गुरुवाणी के प्रभाव और आत्मजागरण से संभव है। समाज के लोगों से अपील की गई कि वे अपनी भावी पीढ़ी के सामने स्वच्छ, स्वस्थ और संस्कारित जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करें।
गुरुवाणी प्रचारक किशना राम पटेल ने कहा कि यदि समाज एकजुट होकर इस दिशा में कार्य करता है तो आने वाले समय में कलबी समाज देशभर में आदर्श सामाजिक परिवर्तन का उदाहरण बन सकता है। उन्होंने समस्त समाजसेवियों, संगठन पदाधिकारियों और गुरु भक्तों पर गुरु महाराज श्री राजेश्वर भगवान एवं श्री ठाकुर जी महाराज की कृपा बने रहने की कामना भी व्यक्त की।
_edited.jpg)



टिप्पणियां