कॉकरोच जनता पार्टी पर BJP का पहला बड़ा हमला, नितिन नबीन का तीखा बयान
- धन्नाराम चौधरी

- 30 जून
- 2 मिनट पठन

वारंगल में कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
भारतार्थ खबर। संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com) वारंगल (तेलंगाना) 30 जून, 2026 देश की राजनीति में इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने खुलकर बड़ा बयान दिया है। तेलंगाना के वारंगल में आयोजित विकसित भारत स्टूडेंट्स कॉन्क्लेव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने CJP पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “देश को कमजोर करने वाली ताकत” करार दिया।
राजनीतिक गलियारों में तेजी से सुर्खियां बटोर रही कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर भाजपा अब तक आधिकारिक रूप से चुप थी, लेकिन नितिन नबीन के इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि “देश में नए वायरस की तरह कॉकरोच जैसी पार्टियां उभर रही हैं, जिनका मकसद देश को बर्बाद करना और समाज को बांटना है।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता ऐसे लोगों को “सबक सिखाने” का काम करेंगे। उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सीधे तौर पर CJP का नाम लेकर प्रतिक्रिया दी है।
इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना कर रही है। पार्टी के समर्थन में कई सामाजिक कार्यकर्ता और चर्चित पर्यावरणविद भी शामिल हो चुके हैं। इसी बीच भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। हालांकि CJP की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है।
कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन ने भारत की युवा पीढ़ी यानी Gen-Z को लेकर भीबड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग केवल विरोध की राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और विकास में योगदान देना चाहता है। उनके अनुसार भारत के युवा दुनिया के अन्य देशों की तुलना में ज्यादा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने 2016 के जेएनयू विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि “टुकड़े-टुकड़े गैंग” की सोच रखने वाले लोग भारत की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग संविधान और देश की एकता को चुनौती देने का काम कर रहे हैं।
इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी पार्ट-टाइम राजनेता हैं, जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता फुल-टाइम जनता की सेवा में लगा रहता है।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा अब CJP को लेकर आक्रामक रणनीति अपनाने की तैयारी में दिखाई दे रही है।
_edited.jpg)



टिप्पणियां