top of page
भारतार्थ-logo

एलपीजी संकट पर ‘आप’ का हल्ला बोल: मोदी सरकार पर कुप्रबंधन के आरोप, देशभर में आंदोलन की चेतावनी

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 17 मार्च
  • 2 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च

  • Group of men in yellow vests with text, protesting indoors

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

पंजाब। देशभर में एलपीजी की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब में विधानसभा सत्र के दौरान आप विधायकों ने सदन के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी करार दिया और इसे "सरकारी कुप्रबंधन" का परिणाम बताया।


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप के वरिष्ठ नेता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा संकट के लिए सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की विदेश नीति के कारण तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।


धालीवाल ने कहा कि जब तक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की जाती और गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार संघर्ष जारी रखेगी।


वहीं, पार्टी के कार्यकारी प्रधान अमन शेर सिंह शेरी कलसी ने भी केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और प्रवक्ता वास्तविक स्थिति से अनजान हैं और एसी कमरों में बैठकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।


कलसी ने कहा कि जमीनी हकीकत यह है कि देश के कई हिस्सों में लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं, जबकि शादी-ब्याह जैसे कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहे हैं।


आप नेताओं ने कहा कि महंगाई और गैस संकट ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी देशभर में भाजपा नेताओं और मंत्रियों का घेराव करेगी और व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।


राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एलपीजी की बढ़ती कीमतें और सप्लाई से जुड़ी समस्याएं आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकती हैं, जिस पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page