top of page
भारतार्थ-logo

मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ आज, अमित शाह भरेंगे चुनावी हुंकार; 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का होगा आगाज

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 14 मार्च
  • 2 मिनट पठन

अपडेट करने की तारीख: 20 मार्च

  • Politician addressing large rally with BJP flags

भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

जालंधर। पंजाब की राजनीति में शनिवार को बड़ा राजनीतिक आयोजन होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मोगा जिले के गांव किल्ली चाहलां में ‘बदलाव रैली’ आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के अभियान के औपचारिक आगाज के रूप में देखा जा रहा है।


भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की यह हालिया समय में पंजाब में दूसरी बड़ी राजनीतिक गतिविधि है। इससे पहले फरवरी माह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जालंधर का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा था। अब अमित शाह की मोगा रैली को संगठन को चुनावी मोड में लाने की रणनीति के रूप में माना जा रहा है।


चुनावी अभियान की शुरुआत का संकेत

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह ‘बदलाव रैली’ पंजाब में भाजपा की चुनावी रणनीति की शुरुआत का संकेत मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि राज्य में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।


भाजपा पहले शिरोमणि अकाली दल (बादल) के साथ गठबंधन में पंजाब की सत्ता में भागीदार रह चुकी है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि भाजपा इस बार राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत कर सत्ता तक पहुंचने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।


संगठन की तैयारी तेज

रैली की तैयारियों की कमान प्रदेश संगठन मंत्री श्रीनिवासलु ने संभाल रखी है। उनके साथ प्रदेश प्रभारी नरिंद्र सिंह रैणा, प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।


रैली स्थल पर पिछले कई दिनों से व्यापक तैयारियां चल रही हैं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे रहे, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।


एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा

भाजपा की ओर से दावा किया गया है कि इस रैली में राज्य भर की 117 विधानसभा सीटों से एक लाख से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। इसके लिए लगभग 4000 बसों की व्यवस्था की गई है, जिनके माध्यम से विभिन्न जिलों से लोगों को रैली स्थल तक पहुंचाया जाएगा।


पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली पंजाब में ‘राजनीतिक बदलाव’ का संदेश देने वाली होगी। भाजपा नेतृत्व का विश्वास है कि अमित शाह के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक अभियान को गति मिलेगी।


राजनीतिक संदेश पर रहेगी नजर

राजनीतिक हलकों की नजर अब अमित शाह के संबोधन पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि वे राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, कानून-व्यवस्था, विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर पार्टी का दृष्टिकोण स्पष्ट कर सकते हैं।


ऐसे में मोगा की यह ‘बदलाव रैली’ न केवल भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन साबित हो सकती है, बल्कि पंजाब की आगामी राजनीति की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page