top of page

“भारतार्थ खबर – खबर नहीं, उसका अर्थ”“हर खबर का सही विश्लेषण – भारतार्थ खबर”“सच्ची खबर, सही अर्थ – भारतार्थ खबर”“जहाँ खबरों का होता है असली विश्लेषण”“ताज़ा खबरें, सटीक विश्लेषण – भारतार्थ खबर”“हर खबर की गहराई तक – भारतार्थ खबर”“Breaking News से लेकर विशेष रिपोर्ट तक”“देश-दुनिया की हर बड़ी खबर – भारतार्थ खबर”

नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन: क्या “हर दो मिनट में उड़ान” भारत के विकास मॉडल की नई पहचान है?

राजधानी एक्सप्रेस में करोड़ों का सोना बरामद: 24 कैरेट के 19 बिस्किट पैंट की सिलाई में छिपाए, महाराष्ट्र के दो युवक गिरफ्तार

  • Writer: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • Mar 14
  • 2 min read

Updated: Mar 20


भारतार्थ खबर, संवाददाता धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)

वाराणसी। रेल मार्ग के जरिए हो रही सोने और नकदी की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से 24 कैरेट शुद्ध सोने के 19 बिस्किट बरामद किए गए हैं। बरामद सोने का कुल वजन 2.215 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.55 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।


यह कार्रवाई जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार दोनों आरोपी ट्रेन के बी-8 कोच में यात्रा कर रहे थे और सोने के बिस्किटों को अपनी पैंट की कमर की सिलाई में बने विशेष पॉकेट में छिपाकर ले जा रहे थे।


संदिग्ध हरकतों से हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर ट्रेन पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से मिली सूचना के आधार पर राजधानी एक्सप्रेस की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बी-8 कोच के दरवाजे पर खड़े दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की और तलाशी ली तो उनके पास से सोने के बिस्किट बरामद हुए।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सतारा निवासी बालासो जाधव और पुणे निवासी तेजस बालासाहेब पवार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान बालासो के पास से 10 और तेजस के पास से 9 सोने के बिस्किट बरामद किए गए।


अफ्रीका से बांग्लादेश होते हुए भारत पहुंचा सोना

जीआरपी के आईजी एन. कोलांची ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोना मूल रूप से अफ्रीका से तस्करी कर बांग्लादेश लाया गया था। वहां से इसे पश्चिम बंगाल के कूच बिहार तक पहुंचाया गया, जहां एक स्थानीय हैंडलर ने दोनों आरोपियों को यह सोना सौंपा।


इसके बाद दोनों युवक बस के जरिए बिहार के कटिहार पहुंचे और वहां से डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली में इस सोने को एक बड़े ज्वेलरी सिंडिकेट को सौंपे जाने की योजना थी।


कई एजेंसियां कर रही संयुक्त जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों ने भी आरोपियों से लंबी पूछताछ की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


गौरतलब है कि इससे कुछ ही समय पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) पर अकालतख्त एक्सप्रेस से 1.75 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। उस मामले में हवाला कनेक्शन की भी जांच चल रही है।


चुनावी माहौल में बढ़ी सतर्कता

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि चुनावी माहौल या अन्य अवैध गतिविधियों के लिए वाराणसी रूट का इस्तेमाल सोने और नकदी की तस्करी के लिए किया जा रहा है। इसी कारण रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में जांच अभियान तेज कर दिया गया है।


फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे की जांच में जुटी हुई हैं।

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page