top of page
भारतार्थ-logo

12.50 लाख रुद्राक्षों से सजा शिवलिंग, दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब

  • लेखक की तस्वीर: धन्ना राम चौधरी
    धन्ना राम चौधरी
  • 15 अग॰
  • 2 मिनट पठन

सावन में भक्ति का अनुपम संगम: रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और भजन संध्या से गूंज रहा लक्ष्मी ओरा फार्म हाउस



भारतार्थ खबर। बेंगलुरु संवाददाता: धन्नाराम चौधरी (Bhaarataarth.com)


बेंगलुरु, 15 अगस्त 2026। किंतनहल्ली स्थित लक्ष्मी ओरा फार्म हाउस में सावन के पवित्र मास के अवसर पर 12.50 लाख रुद्राक्षों से निर्मित भव्य शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडित राजेन्द्रकुमार शर्मा एवं ओमप्रकाश शर्मा के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में शिवलिंग के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।


पूरे सावन माह प्रतिदिन रुद्राभिषेक, पूजा, आरती और भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। भजन संध्या में गोविंददास वैष्णव एंड पार्टी द्वारा प्रतिदिन सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जा रही है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो रहा है।


बुधवार को सेवानिवृत्त मेजर जनरल नरपतसिंह राजपुरोहित एवं स्वामी दयानंद महाराज ने रुद्राक्ष निर्मित पवित्र शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस अवसर पर मेजर जनरल नरपतसिंह राजपुरोहित ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि सावन जैसे पवित्र अवसर पर प्रभु भक्ति के साथ देशभक्ति की भावना भी हमारे भीतर मजबूत होनी चाहिए।


स्वामी दयानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि धर्म के नाम पर पशु बलि देना किसी भी दृष्टि से धर्मसम्मत नहीं है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि जहां भी धर्म के नाम पर पशु बलि की प्रथा प्रचलित है, उसे रोकने के लिए जागरूकता एवं सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए।


धार्मिक आयोजन में सुरेशकुमार मेहता, गौतमकुमार मेहता, रूपेश सोलंकी, प्रवीण मेवाड़ा, महेंद्रसिंह राजपुरोहित, दीपक शर्मा, रितिक शर्मा, कुलदीपसिंह सांथुआ, बालमसिंह गुर्जर, ताराचंद सीरवी, विनोद माली, राकेश सीरवी, चंद्रु गुर्जर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में शिवभक्ति और धार्मिक उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला।

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page